हल्द्वानी/देहरादून
आशा कोठारी

हल्द्वानी। नैनीताल रोड स्थित शहीद एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक पार्क (झंडा पार्क) में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों के सदस्यों ने प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सहभागिता की। आयोजित कार्यक्रम में सेनानी परिवारों ने अपने वीर पूर्वजों को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्रगीत का गायन कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम के उपरांत प्रांतीय अध्यक्ष श्री ललित पंत की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेनानी परिवारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। श्री पंत ने सभी सदस्यों से व्यक्तिगत समस्याओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेज एवं साक्ष्य सहित प्रार्थना पत्र संगठन को उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि संगठन अपने स्तर से उनके निराकरण के लिए प्रभावी प्रयास कर सके।
बैठक में दोहरी पेंशन व्यवस्था, परिचय पत्र, आरक्षण, पेंशन वृद्धि, द्वितीय पीढ़ी के अधिकार, उत्तराखंड परिवहन की बसों में पौत्र-पौत्री, नाती-नातिन एवं पुत्रवधू को निशुल्क यात्रा की सुविधा, सेनानी परिवारों के बेरोजगार सदस्यों को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति तथा प्रथम पीढ़ी में जीवित सदस्य न होने की स्थिति में द्वितीय पीढ़ी को सभी अनुमन्य सुविधाओं का लाभ दिए जाने सहित कई विषयों पर चर्चा हुई।
जिलाध्यक्ष नवीन चंद पांडेय ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों की समस्याएं केवल व्यक्तिगत विषय नहीं, बल्कि उनके गौरवशाली इतिहास और सम्मान से जुड़ी हैं। संगठन का प्रयास है कि सभी जायज समस्याओं को दस्तावेजों के साथ संबंधित स्तर तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए निरंतर पहल की जाए।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष चंदन सिंह परिहार, अजय शर्मा, मोहन चंद्र पांडे, नंदी भट्ट, सुशीला पंत, दीपा पांडे, चंपा शर्मा, माधवी देवी, गजेंद्र पाल सिंह, कैलाश पांडे, बीके तिवारी, दुर्गा दत्त सुयाल सहित बड़ी संख्या में सेनानी परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।