टिहरी की पंचायतों को मिली विकास की नई सौगात,

टिहरी / देहरादून

आशा कोठारी

टिहरी की पंचायतों को मिली विकास की नई सौगात, 19 पंचायत घरों के नए भवन और 38 भवनों के लिए मंजूरी
टिहरी गढ़वाल। टिहरी विधानसभा क्षेत्र की पंचायतों को सशक्त और सुविधासंपन्न बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पंचायत राज मंत्री श्री मदन कौशिक ने क्षेत्र की 19 पंचायत घर विहीन ग्राम पंचायतों के लिए नवीन पंचायत भवनों के निर्माण, 28 मरम्मत योग्य पंचायत भवनों की मरम्मत तथा 10 जीर्ण-शीर्ण पंचायत भवनों के पुनर्निर्माण की स्वीकृति प्रदान की है।
इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र की 108 ऐसी ग्राम पंचायतों, जहां कंप्यूटर की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, उन्हें कंप्यूटर उपलब्ध कराने की स्वीकृति भी दी गई है। इससे पंचायतों के कामकाज में तेजी आने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सुविधाओं का विस्तार होगा।
टिहरी विधायक श्री किशोर उपाध्याय ने कहा कि भारत गांवों का देश है और गांवों को मजबूत किए बिना विकसित भारत का संकल्प पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पंचायतों को सशक्त, आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक ने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री और पंचायत राज मंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया।