रानिपोखरी/देहरादून
प्रभा भट्ट



वन महोत्सव 2026 के उपलक्ष्य में देहरादून वन प्रभाग की बड़कोट रेंज में सोमवार को व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में आदर्श औद्योगिक स्वायत्तता सहकारिता समिति की संस्थापक अध्यक्ष श्रीमती आशा कोठारी एवं समिति के सचिव हरीश कोठारी ने सक्रिय सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन हमारे जीवन का आधार हैं और इनके संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा। यदि आज हम प्रकृति को सुरक्षित रखेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर जीवन मिल सकेगा।
बड़कोट वन क्षेत्राधिकारी गणेश उनियाल ने बताया कि वन महोत्सव के तहत पूरे वन रेंज क्षेत्र में बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है, ताकि हरियाली को बढ़ावा मिल सके और पर्यावरण संतुलन कायम रहे।
इस अवसर पर समाजसेवी अनुज कपरुवान, आशीष सजवाण, अजय वीर सिंह राणा, गिरीश भट्ट, उप वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र सिंह चौहान, वन दरोगा अखिलेश नौटियाल, मनोज कुमार, राजेंद्र तंवर, प्रियंका रावत, कंचन चौहान सहित वन विभाग के सभी वन आरक्षी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।