देहरादून
प्रभा भट्ट

धामी सरकार के विकास कार्यों पर जनता का विश्वास, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में फिर बनेगी भाजपा सरकार
देहरादून। वरिष्ठ भाजपा नेत्री श्रीमती आशा कोठारी ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर समर्पण, संवेदनशीलता और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ कार्य कर रहे हैं। उनका स्पष्ट संदेश है— “धामी है तो भरोसा है, विकास का यही सहारा है।”
श्रीमती कोठारी ने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय समस्याओं को समझ रहे हैं और विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध हैं। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दिए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर बढ़ाने और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार के प्रयास सराहनीय हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों, हवाई संपर्क और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ चारधाम यात्रा, हेमकुंड साहिब तथा अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए भी महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। केदारनाथ सहित प्रमुख तीर्थस्थलों के लिए रोपवे परियोजनाएं यात्रा को सुगम बनाने और पर्यटन को नई गति देने में सहायक होंगी।
आशा कोठारी ने कहा कि लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास भी प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का आधार हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन उत्तराखंड के विकास को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है।
श्रीमती आशा कोठारी ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। सशक्त उत्तराखंड, सुरक्षित उत्तराखंड और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का संकल्प निश्चित रूप से प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।