मौसम की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

देहरादून

आशा कोठारी

सभी संबंधित विभागों को 24×7 अलर्ट रखने के निर्देश

सड़क मार्गों को सुचारू रखने और बंद मार्गों को तत्काल खोलने के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने दिए निर्देश

जनपद में लगातार हो रही बारिश तथा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने जनपद मुख्यालय स्थित स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न तहसीलों से प्राप्त हो रही वर्षा, भूस्खलन एवं मार्गों से संबंधित सूचनाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम की यात्रा व्यवस्था के साथ ही लाइव सीसीटीवी के माध्यम से दोनों धामों की स्थिति की भी निगरानी की।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग एवं अन्य गतिविधियों के लिए गए ट्रैकरों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ट्रैकरों से लगातार संपर्क बनाए रखने तथा मौसम की स्थिति को देखते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रुकने अथवा सुरक्षित स्थान की ओर जाने की सूचना समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल रेस्क्यू एवं राहत कार्य शुरू करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित रखने को कहा।

जिलाधिकारी ने एनएच, बीआरओ, लोनिवि एवं पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को अपनी मशीनरी और मैनपावर को मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल मार्ग खोलने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र एवं स्मार्ट कंट्रोल रूम को अलर्ट मोड पर रखते हुए सभी तहसीलों से लगातार सूचनाएं प्राप्त करने और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

चारधाम यात्रा को लेकर भी जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। लगातार बारिश एवं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के दृष्टिगत फिलहाल चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से रोका गया है। जिलाधिकारी ने धामों में दर्शन कर चुके तथा वापस लौटने के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित वापसी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं को मौसम की स्थिति के अनुसार आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के निर्देश दिए हैं।

इस दौरान एडीएम मुक्ता मिश्र, डीएफओ जीवन मोहन दगाड़े, उपनिदेशक गंगोत्री नेशनल पार्क मयंक गर्ग, एसडीआरएफ से जगदंबा प्रसाद, डीडीएमओ शार्दूल गुस्साई,एवं सेना तथा एनडीआरएफ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।