देहरादून:
आशा कोठारी

गत दिवस आयोजित व्यय वित्त समिति (EFC) की उच्च स्तरीय बैठक में जनपद की महत्वाकांक्षी गोल्ज्यू परियोजना को महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रगति प्राप्त हुई।
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन एवं सतत प्रयासों से स्टेडियम निर्माण तथा श्री गोल्ज्यू मंदिर क्षेत्र के समग्र विकास को अत्यधिक जनोपयोगी स्वरूप प्रदान करने हेतु विस्तृत मंथन किया गया तथा लगभग ₹254 करोड़ की अनुमानित लागत से तैयार परियोजना पर गहन चर्चा करते हुए इसे स्वीकृति की दिशा में अग्रसर किया गया। समिति द्वारा इस परियोजना को क्षेत्रीय विकास, धार्मिक पर्यटन संवर्धन तथा युवाओं के खेल प्रोत्साहन के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया।
श्री गोल्ज्यू मंदिर क्षेत्र को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक गोल्ज्यू कॉरिडोर के रूप में विकसित किए जाने की परिकल्पना की गई है, जिसके अंतर्गत मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, संरचनात्मक सुदृढ़ीकरण, श्रद्धालुओं के लिए सुगम आवागमन मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल एवं प्रकाश की आधुनिक सुविधाएं, सांस्कृतिक थीम आधारित प्रवेश द्वार तथा स्थानीय हस्तशिल्प एवं पारंपरिक उत्पादों के लिए व्यवस्थित विक्रय स्थल विकसित किए जाएंगे।
इससे धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ आधार प्राप्त होगा।
इसी परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित आधुनिक बहुउद्देशीय स्टेडियम में एथलेटिक्स ट्रैक, बहु-खेल मैदान, दर्शक दीर्घा (पवेलियन), खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम एवं प्रशिक्षण कक्ष, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था तथा खेल अवसंरचना का विकास किया जाएगा।
इससे क्षेत्र के युवाओं को उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं सशक्त होंगी।
औपचारिकताओं का अंतिम चरण पूर्ण कर लिया गया है। प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण होते ही गोल्ज्यू कॉरिडोर एवं स्टेडियम निर्माण कार्य प्रारंभ करने की दिशा में ठोस कार्यवाही की जाएगी।