उत्तराखंड के अल्मोड़ा में बड़ा हादसा, यात्रियों से खचाखच भरी बस खाई में गिरी; 22 की मौत

सल्ट विकासखंड के कुपी क्षेत्र में बस दुर्घनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बस में सवार 22 लोगों की मौत हो गई। जबकि 16 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए सूचना के बाद मौके पर पहुंची प्रशासन और पुलिस की टीम ने घायलों को रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका उपचार किया जा रहा है। 20 लोगों की मौके पर और दो गंभीर घायलों ने रामनगर अस्पताल में दम तोड़ा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी और अल्मोड़ा के संबंधित क्षेत्र के एआरटीओ प्रवर्तन को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त कुमाऊं मंडल को घटना की मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के स्वजन को चार-चार लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
घटनास्थल पर स्थानीय प्रशासन एवं एसडीआरएफ की टीमें घायलों को निकालकर उपचार के लिए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने हेतु तेजी से कार्य कर रही हैं। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट करने के लिए भी निर्देश दिए हैं।
रामनगर अस्पताल में घायलों का हाल चाल जानने के लिए सीएम पुष्कर धामी व सांसद अनिल बलूनी के रामनगर पहुंचने की सूचना है।
जानकारी अनुसार रोज की तरह गढ़वाल मोटर्स की बस सोमवार सुबह पौड़ी जिले के गोलीखाल से यात्रियों को लेकर रामनगर की ओर से रवाना हुई। बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे। लेकिन सल्ट के कुपी क्षेत्र पहुंचते ही अचानक चालक ने बस से नियत्रंण खो दिया। अनियंत्रित बस गहरी खाई में जा गिरी। बस अनियंत्रित होते ही सवार लोगों की चीख पुकार मच गई।