देहरादून
आशा कोठारी

रुद्रपुर में मुख्यमंत्री का कांग्रेस पर तीखा प्रहार, बोले—भ्रष्टाचार, महिला अपराध और अव्यवस्था के लिए जनता आज भी मांग रही जवाब
रुद्रपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस की प्रस्तावित ‘न्याय यात्रा’ पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को न्याय यात्रा निकालने के बजाय अपने शासनकाल में किए गए कार्यों के लिए ‘प्रायश्चित यात्रा’ निकालनी चाहिए। कांग्रेस को पहले अपने कार्यकाल का हिसाब जनता को देना चाहिए, क्योंकि प्रदेश की जनता आज भी उस दौर के भ्रष्टाचार, महिला अपराधों और अव्यवस्था को भूली नहीं है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को रुद्रपुर के गांधी पार्क में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च के तहत आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस न्याय यात्रा के नाम पर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, जबकि उसे अपने शासनकाल के दौरान हुए भ्रष्टाचार और कथित अत्याचारों पर जवाब देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस जब-जब सत्ता में रही, तब-तब आम जनता को भ्रष्टाचार, महिला अपराधों और व्यवस्थागत अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। सत्ता से बाहर रहने के बाद भी कांग्रेस एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाने में असफल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता के दिलों में बसते हैं, जबकि राजनीतिक हताशा में कांग्रेस के नेता गैर-जिम्मेदाराना और आधारहीन बयानबाजी कर रहे हैं।
धामी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता सनातन धर्म, भारतीय सेना और देश के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की सुरक्षा करने वाले सैनिकों के शौर्य और पराक्रम पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
हल्द्वानी में शुद्धिकरण से जुड़े विवाद का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में सभी जातियों और वर्गों के लोग आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ रहते हैं। कांग्रेस के कुछ नेता राजनीतिक लाभ के लिए समाज में भ्रम और विभाजन पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता ऐसे राजनीतिक एजेंडे को सफल नहीं होने देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है, लेकिन विपक्ष को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए तथ्यों और जनहित के मुद्दों पर बात करनी चाहिए। केवल आरोप-प्रत्यारोप और राजनीतिक भ्रम फैलाने से जनता का विश्वास हासिल नहीं किया जा सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाएं और कांग्रेस के कथित झूठे नैरेटिव का तथ्यों के साथ जवाब दें।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह-प्रभारी अरविंद मेनन, सांसद अजय भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित रहे।