देहरादून
आशा कोठारी

देहरादून। बॉलीवुड गायक विशाल श्रीवास्तव ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में हो रहे विकास कार्यों और धार्मिक स्थलों पर बेहतर हुई व्यवस्थाओं की सराहना की है। एक वीडियो संदेश जारी करते हुए उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में पिछले कुछ वर्षों के दौरान आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी राहत मिल रही है।
विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि हाल ही में उन्हें कोटद्वार से आगे एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने सड़क संपर्क, यात्रा सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं में हुए सकारात्मक बदलावों को करीब से देखा। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में अब यात्राएं अधिक सुगम और सुविधाजनक हो गई हैं, जिसका लाभ स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को भी मिल रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से केदारनाथ सहित उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विकसित की गई सुविधाओं की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाई दी। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कलाकारों को भी बेहतर मंच और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान मिल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, “आप इतना नेक कार्य कर रहे हैं, इसके लिए आपको अनेक शुभकामनाएं।”
विशाल श्रीवास्तव ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड विकास और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में आगे भी नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से जनहित और देवभूमि के विकास के लिए इसी प्रकार कार्य करते रहने का आग्रह किया तथा कहा कि राज्य की प्रगति देशभर के लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है। उनके इस संदेश को सोशल मीडिया पर भी लोगों द्वारा व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है।