प्रबंध निदेशक श्री पी.सी. ध्यानी ने शनिवार को अवकाश के दिन भी एक्शन में दिखे ।

देहरादून -आशा कोठारी

 

अवकाश के दिन भी एक्शन में दिखे यूपीसीएल के एमडी पी.सी. ध्यानी, रुड़की मंडल की समीक्षा कर राजस्व, बिलिंग और उपभोक्ता सेवाओं पर दिए सख्त निर्देश
देहरादून, 8 अगस्त। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक श्री पी.सी. ध्यानी ने शनिवार को अवकाश के दिन भी कार्य संस्कृति का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए विद्युत वितरण मंडल रुड़की की व्यापक समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने एडीबी (ADB) परियोजना के अंतर्गत देहरादून शहर में संचालित बिजली लाइनों के भूमिगतकरण कार्यों का भी निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सेवाएं उपलब्ध कराना, राजस्व बढ़ाना तथा सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
समीक्षा बैठक में मुख्य अभियंता हरिद्वार श्री शेखर त्रिपाठी, अधीक्षण अभियंता हरिद्वार श्री विवेक राजपूत सहित संबंधित अधिशासी अभियंता व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहे, जबकि उपखंड अधिकारी एवं अवर अभियंता ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। बैठक में राजस्व वसूली, बिलिंग दक्षता, नए विद्युत कनेक्शन, उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण तथा बिजली वितरण व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान प्रबंध निदेशक ने जुलाई माह तक रुड़की मंडल में राजस्व वसूली लक्ष्य के सापेक्ष मात्र 55 प्रतिशत प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बड़े बकायेदार उपभोक्ताओं के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से अभियान चलाया जाए, आवश्यकतानुसार विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किए जाएं तथा बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रह में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
श्री ध्यानी ने वर्ष 2026-27 के लिए बिलिंग दक्षता को 90 प्रतिशत से अधिक बनाए रखने का लक्ष्य दोहराते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बिलिंग व्यवस्था जितनी मजबूत होगी, निगम की आर्थिक स्थिति उतनी ही बेहतर होगी और इसका सीधा लाभ उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाओं के रूप में मिलेगा।
नए विद्युत कनेक्शन जारी करने में हो रही देरी तथा इसके कारण लगने वाली पेनल्टी पर भी उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी नए कनेक्शन जारी किए जाएं। यदि किसी स्तर पर अनावश्यक विलंब पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी अथवा एएमएसपी (AMSP) की जिम्मेदारी तय करते हुए उनसे पेनल्टी की वसूली की जाए।
प्रबंध निदेशक ने उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी निर्माण एवं रखरखाव कार्य गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करते हुए समय पर पूरे किए जाएं।
अवकाश के दिन भी समीक्षा बैठक और विकास कार्यों का निरीक्षण कर श्री पी.सी. ध्यानी ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि यूपीसीएल की प्राथमिकता उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना, वितरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा निगम को बेहतर वित्तीय स्थिति की ओर अग्रसर करना है। अधिकारियों से उन्होंने अपेक्षा की कि वे टीम भावना के साथ कार्य करते हुए सरकार और निगम की जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारें।