नगर पालिका परिषद डोईवाला के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

डोईवाला / देहरादून

आशा कोठारी

नगर पालिका परिषद डोईवाला के अंतर्गत अठूरवाला स्थित देवाल महादेव मंदिर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद डोईवाला के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह नेगी तथा विशिष्ट अतिथि समाजसेवी विदुषी निशंक रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके उपरांत मंदिर परिसर में रुद्राक्ष एवं विभिन्न फलदार पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह नेगी ने कहा, “पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि हर परिवार एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा। नगर पालिका परिषद डोईवाला ऐसे जनहितकारी अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।”

विशिष्ट अतिथि समाजसेवी विदुषी निशंक ने कहा, “माँ हमें जीवन देती हैं और वृक्ष संपूर्ण सृष्टि को जीवन प्रदान करते हैं। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान मातृशक्ति के सम्मान के साथ प्रकृति संरक्षण का जनआंदोलन है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के नाम पर एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।”

कार्यक्रम में पूर्व प्रधान पुरुषोत्तम डोभाल, रविन्द्र बेलवाल, फ़िल्म निर्माता संजय चमोली, जगत सिंह असवाल, सतेश्वरी राणा, गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।