


जौलीग्रांट / देहरादून
आशा कोठारी
आदर्श औद्योगिक स्वायत्तता सहकारिता संस्था ने स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय, जौलीग्रांट के प्रेसिडेंट डॉ. विजय धस्माना को चिकित्सा, सामाजिक एवं रचनात्मक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर सम्मानित करते हुए आभार व्यक्त किया।
संस्था के सचिव एवं मुख्यमंत्री के कोऑर्डिनेटर हरीश कोठारी ने कहा कि डॉ. विजय धस्माना स्वामी राम के आदर्शों पर चलते हुए “नर सेवा ही नारायण सेवा” की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमालयन हॉस्पिटल ट्रस्ट, जौलीग्रांट आज एक विशाल वटवृक्ष के समान उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले मरीजों, जरूरतमंदों और दीन-दुखियों को उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।
हरीश कोठारी ने कहा कि संस्थान द्वारा स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने डॉ. धस्माना के नेतृत्व में संचालित सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उनके प्रति संस्था की ओर से कृतज्ञता व्यक्त की।
इस अवसर पर देहरादून एक्सप्रेस साप्ताहिक हिंदी समाचार पत्र के ब्यूरो चीफ गिरीश भट्ट भी उपस्थित रहे।