देहरादून:
आशा कोठारी

उत्तराखंड राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा आयोजित पांच दिवसीय मिलकर रहना सीखो शिविर के दूसरे दिन योगा प्रशिक्षक आनन्द सिंह रावत ने द्वितीय दिवस का प्रारम्भ योगा से किया। रावत ने स्वस्थ रहने के लिए योगाभ्यास की आवश्यकता पर बल दिया। शिविर को तनावमुक्त वातावरण देने के उद्देश्य से संगीत सन्ध्या के जरिए बच्चों का ज्ञानवर्धन किया गया। वहीं प्रथम सत्र में पूर्व अपर निदेशक श्रीमती आशारानी पैन्यूली की ओर से खेल खेल में बच्चों की दिनचर्या आनन्दायक बनाई गई, उन्होंने कहानी सुनाकर बालमन को कुछ अभिनव करने को प्रेरित किया।
परिषद की महासचिव पुष्पा मानस ने बताया कि बच्चे आधुनिक समाज में स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें, इसके लिए पुलिस विभाग की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को व्याख्यान हेतु आमंत्रित किया गया। एस आई कल्पना पाण्डेय द्वारा बच्चों की तस्करी, कानूनी अधिकार एवम् साइबर क्राइम पर व्याख्यान दिया गया।
आज बच्चे अक्सर अपना पूरा समय फेसबुक व्हाट्स एप पर ही बिताते हुए दिखते हैं, अनजाने में सोशल मीडिया के शिकार भी होते देखते हैं। इससे बचने के तरीके बताए गए।
एस आई कल्पना पाण्डेय ने बच्चों से खुलकर बात की, बच्चों की ओर से भी खूब प्रश्न पूछे गए। कल्पना पाण्डेय द्वारा मानव तस्करी के कारण विशेषकर बेरोजगारी, कम मेहनत कर ज्यादा पाना, पैरेंट्स के साथ संवाद की कमी, सामाजिक शर्म, माता पिता दोनों नौकरी में हैं जिसका गलत फायदा घरेलू नौकर उठा दे रहे हैं। बच्चों को भीख मंगवाने और बालश्रम के साथ ही मानव तस्करी के लिए भी प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने बच्चों को बताया कि मोबाइल फोन का सही सदुपयोग करें, पढ़ाई के लिए ज्यादा उपयोग करें, अनावश्यक साइट डाउनलोड न करें।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत बच्चों में लेखन की आदतें विकसित करने के उद्देश्य से डा एस एस नेगी पूर्व वैज्ञानिक आई आर डी ई, द्वारा निबन्ध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सभी बच्चों ने भाग लिया। प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त बच्चों को क्रमशः 2500,1500 व 1000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
द्वितीय सत्र में आधुनिकता की दौड़ में हमारे बच्चे पिछड़ न जाय के उद्देश्य से “श्रीमती मधु बेरी सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों ने उत्तराखंड के इतिहास भूगोल की जानकारी दी। विजेताओं को क्रमशः 5000, 4000, 3000 और 1000-1000 रुपये के तीन सांत्वना पुरस्कार दिए जायेंगे। निर्णायक मंडल में पुष्पा मानस, बी के डोभाल व के पी भट्ट ने अपना योगदान दिया।
दूसरे सत्र में बच्चों को सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण दिया गया, बालिकाओं ने आत्मरक्षा के गुर सीखने में विशेष रूचि दिखाई।।
शिविर में वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री जगदीश बाबला, उपाध्यक्ष मधु बेरी, महासचिव पुष्पा मानस, पूर्व महासचिव बी के डोभाल, संयुक्त सचिव कमलेश्वर प्रसाद भट्ट, पूर्व अपर निदेशक कमला पंत, योगा प्रशिक्षक आनन्द सिंह रावत, कविता दत्ता, एस्कार्ट्स धन सिंह घरिया, चंद्रशेखर जोशी, ठाठ सिंह आदि शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संचालन संयुक्त सचिव कमलेश्वर प्रसाद भट्ट द्वारा किया गया।