दिल्ली/ देहरादून
आशा कोठारी



फिल्म निर्माता प्रकाश झा को भेंट की गई ‘गांधी जीवन दर्शन और विचार’ पुस्तक
जयपुर में नेशनल एक्सप्रेस प्रकाशन समूह के संस्थापक विपिन गुप्ता की प्रकाश झा से मुलाकात, महान विभूतियों पर फिल्म और वेब धारावाहिक बनाने को लेकर हुई चर्चा
जयपुर। देश के सुप्रसिद्ध फिल्म निर्माता एवं निर्देशक श्री प्रकाश झा से जयपुर स्थित शंकरा समूह संस्थान में नेशनल एक्सप्रेस प्रकाशन समूह के संस्थापक श्री विपिन गुप्ता ने मुलाकात की। इस अवसर पर श्री गुप्ता ने श्री प्रकाश झा को महात्मा गांधी के जीवन, दर्शन और विचारों पर आधारित पुस्तक ‘गांधी जीवन दर्शन और विचार’ भेंट की। कार्यक्रम में शंकरा समूह संस्थान के चेयरमैन डॉ. संत कुमार चौधरी भी उपस्थित रहे।
शंकरा समूह संस्थान में आयोजित ‘एलान-2026’ नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत समारोह के दौरान हुई इस विशेष मुलाकात में साहित्य, सिनेमा, समाज और राष्ट्र की महान विभूतियों के जीवन पर आधारित रचनात्मक कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
श्री प्रकाश झा भारतीय सिनेमा के उन प्रतिष्ठित निर्माता-निर्देशकों में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी फिल्मों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों, भ्रष्टाचार, व्यवस्था की चुनौतियों और जनआंदोलनों जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है। उनकी चर्चित फिल्मों ‘दामुल’ और ‘गंगाजल’ ने समाज के विभिन्न पहलुओं को सशक्त रूप से पर्दे पर उकेरा है। उनकी फिल्मों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और व्यापक लोकप्रियता प्राप्त हुई है।
मुलाकात के दौरान नेशनल एक्सप्रेस प्रकाशन समूह के संस्थापक श्री विपिन गुप्ता, निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर आचार्य नर्मदा शंकर जी महाराज तथा शंकरा समूह संस्थान के संस्थापक डॉ. संत कुमार चौधरी के बीच देश की महान विभूतियों के जीवन, उनके विचारों और प्रेरणादायी कार्यों पर फिल्म तथा वेब धारावाहिक निर्माण की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। इस चर्चा का उद्देश्य देश की ऐतिहासिक और प्रेरणादायी शख्सियतों के जीवन को दृश्य माध्यमों के जरिए जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में रचनात्मक पहल करना रहा।
उल्लेखनीय है कि श्री प्रकाश झा पिछले कई सप्ताह से जयपुर में शंकरा समूह संस्थान में अपनी लोकप्रिय वेब धारावाहिक ‘आश्रम’ की शूटिंग के सिलसिले में मौजूद हैं। इस धारावाहिक में जाने-माने अभिनेता बॉबी देओल और ईशा गुप्ता सहित कई कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं। ‘आश्रम’ ने दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है।
इस अवसर पर श्री विपिन गुप्ता ने बताया कि गत 9 अक्टूबर को नई दिल्ली के मुख्यधारा सभागार में फिल्म जगत की संस्था ‘रेखा द दिवा’ द्वारा अभिनेत्री रेखा जी के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भी उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम महान गायिका आशा भोसले की संगीत विरासत और उनकी कला को समर्पित था। आशा भोसले फिल्मफेयर पुरस्कार, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार तथा पद्म विभूषण से सम्मानित रही हैं। श्री गुप्ता ने वहां पत्रकारों के बीच साक्षात्कार भी दिया।
नेशनल एक्सप्रेस प्रकाशन समूह के संस्थापक श्री विपिन गुप्ता सामाजिक, साहित्यिक और रचनात्मक क्षेत्रों में कई वर्षों से निरंतर सक्रिय हैं। उनके प्रयासों का उद्देश्य समाज में सकारात्मक विचारों, महान व्यक्तित्वों के आदर्शों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को जनमानस तक पहुंचाना है। जयपुर में हुई यह मुलाकात साहित्य और सिनेमा के माध्यम से भारतीय महान विभूतियों के जीवन-दर्शन को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण रचनात्मक संवाद के रूप में देखी जा रही है।