देहरादून
आशा कोठारी

राजधानी देहरादून से महज 3 किलोमीटर दूर सोडा सरोली में जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के चलते सोमवार को एक 84 वर्षीय वृद्धा को इलाज के लिए लोगों को कंधों पर उठाकर ले जाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार कॉलोनी निवासी श्रीमती गायली देवी, पत्नी स्व. श्री बिशन सिंह नेगी उम्र 84 वर्ष अपने घर में फिसल कर गिर गईं। गिरने से उनके पैर की हड्डी टूट गई। परिजनों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को कॉल किया।
लेकिन कॉलोनी के रास्तों में कमर तक पानी भरा होने के कारण एम्बुलेंस घर तक नहीं पहुंच सकी। मजबूरन मोहल्ले के लोगों ने पानी में उतरकर वृद्ध महिला को सहारा देकर काफी दूर खड़ी एम्बुलेंस तक पहुंचाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कॉलोनी में नाली न होने से हर बरसात में यही स्थिति बनती है। पूर्व प्रधान द्वारा 2024-25 में शासन को नाली निर्माण का प्रस्ताव भी दिया गया था, लेकिन आज तक कोई कार्य नहीं हुआ।
ग्रामवासियों ने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री से मांग की है कि राजधानी के पास बसी इस कॉलोनी में तत्काल पक्की नाली का निर्माण कराकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।