देहरादून:
आशा कोठारी
फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी ने चारधाम यात्रा को लेकर प्रचलित नकारात्मक धारणाओं को खारिज करते हुए इसे शानदार अनुभव बताया है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर यह सुनने को मिलता है कि यात्रा के दौरान ट्रैफिक और भीड़ से लोग परेशान रहते हैं तथा व्यवस्थाएं ठीक नहीं होतीं, लेकिन उनका अनुभव इससे बिल्कुल अलग रहा।
सुनील शेट्टी ने उत्तराखंड पुलिस और स्थानीय प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि यहां प्रबंधन बेहद प्रभावी और सुव्यवस्थित है। विशेष रूप से ऋषिकेश में व्यवस्थाओं को उन्होंने काफी बेहतर बताया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और भारी भीड़ के बावजूद यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है।
अभिनेता ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान उन्हें बहुत अच्छा अनुभव मिला और वे व्यवस्थाओं से प्रभावित हैं। उन्होंने भविष्य में एक बार फिर चारधाम यात्रा पर आने की इच्छा भी जताई।
उनके इस बयान से साफ है कि बेहतर प्रबंधन और प्रशासनिक प्रयासों के चलते चारधाम यात्रा अब अधिक सुगम और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनती जा रही है।